US Iran Deal: अमेरिका-ईरान समझौते से बौखलाया इजरायल, ट्रंप से मिलने को छटपटा रहे नेतन्याहू; जानें क्यों भड़के अमेरिकी राष्ट्रपति?

US Iran Deal Israel Reaction

अमेरिका और ईरान के बीच ऐतिहासिक शांति डील पक्की होने के बाद से इजरायल (Israel) में भारी बेचैनी देखने को मिल रही है। इजरायल को सीधे तौर पर इस वार्ता से बाहर रखा गया था, जिससे वह काफी खफा है। इस बीच, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) से जल्द से जल्द मिलने का समय मांगा है।

इजरायल का स्टैंड: “हम समझौते से बाध्य नहीं”

फिलहाल डोनाल्ड ट्रंप जी-7 (G-7) सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए फ्रांस में हैं। सूत्रों के मुताबिक, नेतन्याहू क्षेत्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर बात करना चाहते हैं और ईरान-अमेरिका समझौते पर इजरायल का स्टैंड बिल्कुल स्पष्ट करना चाहते हैं।

  • बेनग्वीर का कड़ा बयान: इजरायल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री बेनग्वीर ने साफ शब्दों में कहा है कि ईरान और अमेरिका के बीच हुए इस समझौते को लेकर इजरायल किसी भी तरह से प्रतिबद्ध नहीं है। इजरायल अपनी सुरक्षा को लेकर स्वतंत्र रूप से फैसले लेता रहेगा।

लेबनान और हिजबुल्लाह पर चर्चा की मांग

ईरान और अमेरिका के बीच हुए इस समझौते में लेबनान का ज्यादा जिक्र नहीं किया गया है। इसके बावजूद इजरायल, डोनाल्ड ट्रंप से लेबनान में चल रहे अपने सैन्य ऑपरेशन को लेकर बात करना चाहता है। इजरायल का तर्क है कि हिजबुल्लाह (Hezbollah) को सीधे ईरान का समर्थन मिलता है, इसलिए लेबनान में ऑपरेशन चलाना उसकी सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।

इजरायल को क्यों लगी ‘मिर्ची’ और ट्रंप क्यों भड़के?

इजरायल की बौखलाहट का मुख्य कारण यह है कि ईरान और अमेरिका के बीच हुई बातचीत में उसे सीधे तौर पर शामिल नहीं किया गया। वहीं, दूसरी ओर डोनाल्ड ट्रंप भी नेतन्याहू के रवैये से खासे नाराज नजर आ रहे हैं।

ट्रंप ने इजरायल पर डील में जानबूझकर देरी करवाने का आरोप लगाया है। हाल ही में फोन पर हुई बातचीत में ट्रंप ने नेतन्याहू को जमकर झाड़ पिलाई थी:

  • अमेरिकी मीडिया संस्था ‘एक्सियोस’ (Axios) से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, “इसने सब कुछ उलट-पुलट कर दिया और हस्ताक्षर में कुछ घंटों की देरी करा दी।”
  • ट्रंप ने बेरूत में इजरायली हवाई हमलों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए नेतन्याहू से कहा था, ‘आप यह क्या बकवास कर रहे हैं? बीबी (नेतन्याहू) को वह बकवास हमला करने की क्या जरूरत थी? मैं बहुत गुस्से में था। मैंने उन्हें साफ-साफ कह दिया कि उनमें जरा भी समझदारी नहीं है।’

शुक्रवार को जिनेवा में होगी फाइनल डील

ट्रंप ने ‘फॉक्स न्यूज’ को बताया कि ईरान के साथ इस शांति समझौते पर रविवार को इलेक्ट्रॉनिक रूप से हस्ताक्षर किए जाएंगे। वहीं, दोनों देशों के बीच आमने-सामने की फाइनल डील इस शुक्रवार को स्विट्जरलैंड के जिनेवा में होगी। ट्रंप फिलहाल ईरान में वार्ताकारों के संपर्क में हैं ताकि उन्हें हालिया इजरायली हमलों का जवाब देने से रोका जा सके।