अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध 148वीं रथयात्रा गुरुवार सुबह भक्ति और उत्साह के साथ शुरू हुई।
जामालपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर में सुबह 4 बजे मंगला आरती का आयोजन हुआ, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने परिवार के साथ शामिल हुए और भगवान का आशीर्वाद लिया।
सुबह 7 बजे भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलराम और बहन सुभद्रा के रथ मंदिर परिसर से रवाना हुए। रथयात्रा शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने परंपरा के अनुसार सोने की झाड़ू से रथ मार्ग की सफाई कर ‘छेरा पहरा’ की रस्म निभाई।
इसके बाद रथयात्रा में शामिल हाथी, अखाड़े, भजन मंडलियां और आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहीं। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मार्ग पर पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की कड़ी तैनाती की गई है।
उधर, ओडिशा के पुरी में भी भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। सुबह भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा को उनके भव्य रथों पर विराजमान कराया जाएगा। इसके बाद गजपति महाराजा दिव्यसिंह देव पारंपरिक ‘छेरा पहरा’ अनुष्ठान के तहत सोने की झाड़ू से रथों के आगे सफाई करेंगे।
शाम करीब 4 बजे तीनों रथों को श्रद्धालु खींचते हुए करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित गुंडिचा मंदिर के लिए रवाना करेंगे। लगातार बारिश के बावजूद देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु पुरी पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने बारिश और भीड़ को देखते हुए विशेष सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की है।
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को देश की सबसे बड़ी धार्मिक यात्राओं में माना जाता है, जिसमें हर वर्ष लाखों श्रद्धालु शामिल होकर भगवान के दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं।
