मोदी बोले- बैंक, अस्पताल और सरकारी दफ्तर लोगों के फोन में: DBT से 5 लाख करोड़ की लीकेज रोकी

इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10वें एडिशन में बोले PM- 2022 में इसी मंच से शुरू हुई थी 5G सेवा; AI और 6G पर रहेगा फोकस

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली के यशोभूमि में इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2026 के 10वें एडिशन का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट अब सिर्फ संचार का माध्यम नहीं, बल्कि गुड गवर्नेंस का बड़ा टूल बन चुके हैं। सरकार की सैकड़ों सेवाएं मोबाइल पर उपलब्ध हैं और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए पैसा सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है।

‘5 लाख करोड़ रुपए गलत हाथों में जाने से बचे’

PM मोदी ने कहा कि DBT व्यवस्था से करीब 5 लाख करोड़ रुपए की लीकेज रोकी गई है। उन्होंने कहा कि पुरानी व्यवस्था में बड़ी रकम गलत हाथों में चली जाती थी। अब यह पैसा सही लोगों और योजनाओं तक पहुंच रहा है। पीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत अब तक करीब 4 लाख करोड़ रुपए किसानों के खातों में पहुंचाए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि पहले बैंक, अस्पताल और सरकारी दफ्तर शहरों में होते थे। गांवों के लोगों को छोटी-छोटी सेवाओं के लिए समय और पैसा खर्च करना पड़ता था। मोबाइल ने इस दूरी को कम किया है। आज सरकारी सेवाओं के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल पेमेंट भी फोन के जरिए उपलब्ध हैं।

2022 में इसी मंच से शुरू हुई थी 5G सेवा

मोदी ने कहा कि 2022 में इसी इंडिया मोबाइल कांग्रेस के मंच से भारत में 5G की शुरुआत की गई थी। 2023 में देश की 5G प्रगति दुनिया के सामने रखी गई। उन्होंने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में मोबाइल कम्युनिकेशन देश के डिजिटल विजन का अहम हिस्सा बना है।

100 करोड़ ब्रॉडबैंड यूजर, 6G पर फोकस

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि भारत में ब्रॉडबैंड यूजर्स की संख्या एक दशक में 6 करोड़ से बढ़कर 100 करोड़ हो गई है। भारत में 1 जीबी डेटा की कीमत करीब 8 रुपए है।

IMC 2026 में AI, 6G, सैटेलाइट कम्युनिकेशन, प्री-6G नेटवर्क और इंटीग्रेटेड सेंसिंग जैसी तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है। कार्यक्रम में 100 से अधिक देशों के करीब डेढ़ लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।