देशभर में मानसून का असर: ओडिशा में बाढ़ से 312 छात्र स्कूल में फंसे, यूपी के 20 शहरों में बारिश; हिमाचल में 187 मौतें

दिल्ली। देशभर में मानसून एक बार फिर कहर बरपा रहा है। ओडिशा, उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

कई इलाकों में बाढ़, जलभराव और भूस्खलन जैसी स्थितियां पैदा हो गई हैं। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

ओडिशा के केंद्रापाड़ा जिले में बाढ़ की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक बनी हुई है। यहां कुलसाही गांव के सरकारी एससी-एसटी आवासीय आश्रम स्कूल में 312 छात्र और 10 शिक्षक पिछले दो दिनों से फंसे हुए हैं।

ब्राह्मणी नदी का पानी स्कूल परिसर में घुसने के बाद सभी छात्रों को पहली मंजिल पर शिफ्ट किया गया है। तेज बहाव के कारण राहत और बचाव कार्य में भी परेशानी आ रही है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि सभी छात्र सुरक्षित हैं और उनके लिए भोजन की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

उत्तर प्रदेश में भी लगातार हो रही बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज समेत 20 शहरों में जलभराव की स्थिति बन गई है।

कानपुर और उन्नाव में 500 से ज्यादा घरों में पानी घुस गया है, जबकि संभल के अस्पताल परिसर में भी पानी भर गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल प्रदेश में मानसून के कारण हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। 30 जून से 16 अगस्त के बीच राज्य में 187 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 79 लोगों की मौत बाढ़, भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण हुई है।

वहीं, 107 लोगों की जान सड़क दुर्घटनाओं में गई है। राज्य में अब तक 973 करोड़ रुपए से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

छत्तीसगढ़ में भी अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। राजधानी रायपुर में देर रात से हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।