UAE में बेकाबू ट्रक ने 23 गाड़ियों को मारी टक्कर, भारतीय समेत 14 की मौत; 30 घायल

फुजैराह में भीषण हादसे के बाद वाहनों में लगी आग; 15 घायलों को इलाज के बाद मिली छुट्टी, मृतकों की पहचान के लिए DNA टेस्ट

दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां एक बेकाबू ट्रक ने पांच ट्रकों समेत कुल 23 वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कई गाड़ियों में आग लग गई। हादसे में भारतीय नागरिक समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फुजैराह पुलिस की जनरल कमांड के मुताबिक, हादसा शेख खलीफा बिन जायद स्ट्रीट पर हुआ। गृह मंत्रालय के बयान के अनुसार, ट्रक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया था। ट्रक ने पहले एक अन्य वाहन को टक्कर मारी और फिर पलट गया। इसके बाद सड़क पर चल रहे दूसरे वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। हादसे में पांच ट्रकों सहित 23 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुईं।

आग में कई वाहन जले, DNA से होगी पहचान

टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई, जो आसपास के वाहनों तक फैल गई। आग इतनी भीषण थी कि कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में मारे गए कुछ लोगों के शव बुरी तरह झुलस गए हैं। उनकी पहचान के लिए पुलिस विशेषज्ञों की मदद से DNA टेस्ट करा रही है।

15 घायलों को अस्पताल से मिली छुट्टी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, पैरामेडिकल और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने आग पर काबू पाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कुल 30 घायलों में से 15 को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि बाकी 15 का उपचार जारी है।

भारतीय वाणिज्य दूतावास ने भी हादसे में प्रभावित भारतीय नागरिकों के परिवारों से संपर्क किया है। ट्रक चालक का वाहन से नियंत्रण खोने की वजह और हादसे के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।