राजधानी में विंटर एक्शन प्लान के पहले दिन 68.4 लाख का जुर्माना, 1500 गाड़ियां लौटाईं

दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए 1 नवंबर से विंटर एक्शन प्लान लागू हो गया है। इसके पहले ही दिन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

रविवार शाम 5 बजे तक अलग-अलग मामलों में कुल 68.4 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। वहीं, दिल्ली में प्रवेश करने की कोशिश कर रहीं 1,539 गाड़ियों को बॉर्डर से वापस लौटा दिया गया।

प्रशासन के मुताबिक, पहले दिन 14,930 वाहनों की जांच की गई। इनमें प्रतिबंधित श्रेणी की गाड़ियों पर कार्रवाई करते हुए 62 वाहन जब्त किए गए और 127 चालान काटे गए। इस कार्रवाई में 2 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा वैध प्रदूषण जांच प्रमाणपत्र (PUCC) नहीं होने पर 566 वाहनों के चालान काटकर 56.6 लाख रुपए वसूले गए।

300 निर्माण स्थलों की जांच, 32 पर कार्रवाई

प्रदूषण रोकने के लिए निर्माण और तोड़फोड़ वाली जगहों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। पहले दिन 300 कंस्ट्रक्शन साइट्स का निरीक्षण किया गया। इनमें 32 जगहों पर धूल नियंत्रण के नियमों का उल्लंघन मिला।

संबंधित एजेंसियों पर 9.8 लाख रुपए का पर्यावरण मुआवजा लगाया गया। इसके अलावा 17 बंदी आदेश और 19 नोटिस जारी किए गए।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 493 चालान काटकर 49.3 लाख रुपए और परिवहन विभाग ने 73 चालान के जरिए 7.3 लाख रुपए का जुर्माना लगाया।

28 फरवरी तक जारी रहेंगी पाबंदियां

विंटर एक्शन प्लान के तहत बाहर से आने वाले BS-VI से कम मानक वाले वाहनों की एंट्री पर 31 जनवरी तक रोक रहेगी। 10 दिसंबर से 20 जनवरी तक निर्माण और तोड़फोड़ के सभी काम बंद रहेंगे। वहीं, 28 फरवरी तक अधिकृत पार्किंग में शुल्क दोगुना देना होगा।

सरकारी और निजी दफ्तरों में 31 जनवरी तक अधिकतम 50% कर्मचारियों को ही ऑफिस बुलाने का नियम लागू रहेगा। बाकी कर्मचारी घर से काम करेंगे। पर्यावरण मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा ने लोगों से PUCC बनवाने और प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का पालन करने की अपील की है।