मंदिर समिति के एफिडेविट वाले बयान के बाद पहुंचीं एक्ट्रेस, ठंड से ठिठुरती दिखीं; अधिकारियों से बनाई दूरी
मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस सारा अली खान ने रविवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। वह हेलिकॉप्टर से धाम पहुंचीं। इस दौरान वहां बर्फबारी हुई और कड़ाके की ठंड के बीच सारा शॉल, दस्ताने, पुलओवर और ऊनी टोपी पहने नजर आईं। वह करीब आधे घंटे तक दर्शन के लिए कतार में खड़ी रहीं। उनके आसपास मौजूद कई लोग उन्हें पहचान नहीं पाए।
मंदिर समिति के बयान के बाद पहुंचीं सारा
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने इस साल गैर-सनातनियों के मंदिर प्रवेश को लेकर नियमों पर चर्चा की थी। समिति की ओर से कहा गया था कि सारा अली खान को केदारनाथ में प्रवेश से पहले एफिडेविट देकर सनातन धर्म में अपनी आस्था बतानी होगी।
विवाद बढ़ने पर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने स्पष्ट किया था कि सनातन धर्म में आस्था रखने वाले सभी लोगों का स्वागत है। हालांकि, सारा के इस दौरे के दौरान एफिडेविट जमा करने को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
बाबा भुकुंट भैरव के भी किए दर्शन
सारा अपने दोस्तों के साथ केदारनाथ पहुंची थीं। उन्होंने मुख्य मंदिर के दर्शन के साथ बाबा भुकुंट भैरव के दर्शन भी किए। ठंड से ठिठुरती सारा को देखकर वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने उन्हें शॉल देने की पेशकश की, लेकिन वे उन्हें पहचान नहीं सकीं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान सारा ने मंदिर के कर्मचारियों और अधिकारियों से दूरी बनाए रखी।
फिल्म ‘केदारनाथ’ से जुड़ा है धाम
सारा अली खान का केदारनाथ से जुड़ाव उनकी पहली फिल्म ‘केदारनाथ’ की शूटिंग के दौरान 2017 में हुआ था। इसके बाद वह कई बार यहां दर्शन करने पहुंच चुकी हैं। अक्टूबर 2025 में भी उन्होंने धाम में पूजा-अर्चना की थी और सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा की थीं। इसके अलावा वह वाराणसी के काशी विश्वनाथ और उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भी दर्शन कर चुकी हैं।
