‘बंटवारा 1947’ का दूसरा टीजर रिलीज: आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी है फिल्म, डर-दर्द और इंसानियत की कहानी

मुंबई। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का दूसरा टीजर रिलीज कर दिया गया है।

करीब एक मिनट के इस टीजर में 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन की दर्दनाक तस्वीरें दिखाई गई हैं।

सनी देओल अपने दमदार एक्शन अवतार में नजर आ रहे हैं, जबकि शबाना आजमी और प्रीति जिंटा की भावुक झलकियां टीजर को और प्रभावशाली बनाती हैं।

टीजर की शुरुआत सनी देओल के गंभीर वॉइसओवर से होती है, जिसमें वह कहते हैं, “डर रहे हैं लोग, मर रहे हैं लोग… मैं जीते जी मरना नहीं चाहता।”

इसके बाद आगजनी, हिंसा, टूटते घर और अपनी जान बचाने की कोशिश करते परिवारों के दृश्य विभाजन के भयावह दौर को जीवंत कर देते हैं।

फिल्म में सनी देओल एक साहसी किरदार निभा रहे हैं, जो नफरत और हिंसा के माहौल में भी इंसानियत और हिम्मत का साथ देता है।

वहीं शबाना आजमी, प्रीति जिंटा और अली फजल के किरदार कहानी में भावनात्मक गहराई जोड़ते नजर आते हैं।

इससे पहले रिलीज हुए पहले टीजर में भी फिल्म के माहौल और कहानी की झलक दिखाई गई थी।

उस टीजर में आमिर खान के वॉइसओवर के साथ आजादी और विभाजन के दर्द को उकेरा गया था।

वहीं सनी देओल का संवाद “इरादा तो नहीं, पर ऐतराज भी नहीं है” काफी चर्चा में रहा था।

फिल्म में शबाना आजमी, सनी देओल, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह अहम भूमिकाओं में हैं।

कहानी विभाजन के दौरान आम लोगों के संघर्ष, विस्थापन और मानवीय संवेदनाओं पर आधारित है।

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक राजकुमार संतोषी ने फिल्म का निर्देशन किया है।

करीब तीन दशक बाद संतोषी और सनी देओल की जोड़ी फिर साथ आई है।

फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं।

टीजर को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।