श्वेता तिवारी ने अभिजीत दीपके से पूछा सवाल, पंजाब के शिक्षा मंत्री कब इस्तीफा दे रहे?

दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद एक्ट्रेस श्वेता तिवारी ने CJP फाउंडर अभिजीत दीपके से सवाल किया है। श्वेता ने शनिवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अभिजीत दीपके का एक वीडियो शेयर किया। इसके साथ उन्होंने पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे और CJP के विरोध-प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाया।

अभिजीत दीपके वीडियो में कहते नजर आ रहे हैं कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अगर सरकार के खिलाफ दबाव बनाया जाए तो कई बड़े लोगों का इस्तीफा लिया जा सकता है। इसी वीडियो को शेयर करते हुए श्वेता तिवारी ने लिखा- “अब पंजाब के शिक्षा मंत्री कब इस्तीफा दे रहे हैं? और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’, तुम वहां कब विरोध-प्रदर्शन कर रहे हो?”

हरजोत बैंस के इस्तीफे की मांग उठी

पंजाब में फार्मेसी भर्ती परीक्षा में कथित धांधली और नकल के आरोपों के साथ ही पिछले कुछ सालों में सामने आए पेपर लीक मामलों को लेकर शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग की जा रही है। विपक्ष की मांग पर बैंस ने कहा था कि अगर उनके पद छोड़ने से राज्य की शिक्षा व्यवस्था बेहतर होती है तो वे आज ही इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं।

रणवीर शौरी ने भी दी प्रतिक्रिया

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अभिनेता रणवीर शौरी ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने GIF शेयर करते हुए लिखा कि मोदी सरकार अपने विरोधियों को भले न हरा पाई हो, लेकिन अपने कई समर्थकों को जरूर नाराज कर दिया। एक यूजर के सवाल पर शौरी ने कहा कि उनके मुताबिक प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए था, लेकिन यह फैसला सड़क पर हालात बिगड़ने से पहले लिया जाना चाहिए था।

तारा देशपांडे ने प्रधान के काम गिनाए

एक्ट्रेस तारा देशपांडे ने भी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने प्रधान के लंबे कार्यकाल और उज्ज्वला योजना, LPG सब्सिडी के लिए PAHAL DBT और हाइड्रोकार्बन क्षेत्र में किए गए सुधारों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक मामले को छोड़कर शिक्षा क्षेत्र में किए गए कार्यों और अन्य जिम्मेदारियों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए तथा इस्तीफे के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए।