रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की जनकल्याणकारी सोच और वन मंत्री श्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में सुकमा जिले ने स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र सुकमा-01 को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन (एनक्वास) प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है।
इस उपलब्धि के साथ ही सुकमा जिले के कुल 17 स्वास्थ्य केंद्र अब राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरे उतर चुके हैं, जो क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के सुधार का संकेत है।
जानकारी के अनुसार, उप स्वास्थ्य केंद्र सुकमा-01 ने भारत सरकार के मूल्यांकन में 93.04 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। यह सफलता स्वास्थ्य केंद्र की टीम—सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
एनक्वास (National Quality Assurance Standards) प्रमाणपत्र उन स्वास्थ्य संस्थानों को दिया जाता है, जो मरीजों की संतुष्टि, स्वच्छता, सुरक्षित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, रोग नियंत्रण और बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन जैसे सभी मानकों पर खरे उतरते हैं।

यह स्वास्थ्य केंद्र लगभग 7,417 ग्रामीणों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहा है। इसमें प्रसव कक्ष, प्रयोगशाला और प्रशिक्षित स्वास्थ्य स्टाफ की सुविधा उपलब्ध है।
अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री साय की मंशा के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं प्रभारी मंत्री के मार्गदर्शन में जिले की स्वास्थ्य अधोसंरचना को भी मजबूत किया जा रहा है।
यह उपलब्धि न केवल सुकमा के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि इसे अन्य आकांक्षी जिलों के लिए भी एक प्रेरणादायक मॉडल माना जा रहा है।
शेयर करें
