World News: होर्मुज नाकेबंदी से ईरान को 5 अरब डॉलर का नुकसान, तेहरान में उड़ा ट्रंप का मजाक

US Iran Hormuz Blockade

US Iran Hormuz Blockade:अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिका ने होर्मुज में सख्त नाकेबंदी कर रखी है, जिसका सीधा असर ईरान की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, होर्मुज और आसपास के समुद्री रास्तों पर अमेरिकी दबाव के कारण ईरान को करीब 5 अरब डॉलर के तेल राजस्व का भारी नुकसान हुआ है।

ईरान को आर्थिक रूप से झुकाने की रणनीति

अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) का दावा है कि यह रणनीति विशेष रूप से ईरान को आर्थिक रूप से झुकाने के लिए बनाई गई है।

  • अमेरिका ने अप्रैल महीने से खाड़ी क्षेत्र में अपनी निगरानी काफी सख्त कर दी है।
  • इस दौरान दर्जनों जहाजों को रोका गया या उन्हें वापस लौटा दिया गया।
  • कई तेल टैंकर रास्ते में ही फंस गए, जिससे ईरान का तेल निर्यात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
  • इसके अलावा, अमेरिका ने चीन से जुड़े तेल ऑपरेटरों पर भी कड़े प्रतिबंध लगाए हैं।

तेहरान में उड़ा ट्रंप का मजाक

भले ही अमेरिका ईरान को भारी नुकसान पहुंचाने का दावा कर रहा हो, लेकिन ईरान झुकने के बजाय आक्रामक रुख अपना रहा है। राजधानी तेहरान की सड़कों पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का खुलेआम मजाक उड़ाया जा रहा है। तेहरान में एक विशाल बैनर लगाया गया है, जिसमें ट्रंप का मुंह होर्मुज के साथ दिखाया गया है और उसे एक पट्टी से बंद किया गया है। इस बैनर पर लिखा है, एट द ब्रेकिंग पॉइंट यानी अब हद हो गई है। यह पोस्टर अमेरिका को एक सीधा संदेश है कि ईरान उसके दबाव से डरने वाला नहीं है।

चीन के साथ मिलकर पलटवार की तैयारी

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने अमेरिका पर पलटवार करते हुए कहा है कि इस तनाव का असली नुकसान खुद अमेरिका को उठाना पड़ रहा है। अरागची ने दावा किया कि यह आर्थिक युद्ध अमेरिका को 100 अरब डॉलर तक महंगा पड़ रहा है और इसका सीधा असर आम अमेरिकी नागरिकों पर हो रहा है। दूसरी तरफ, अमेरिकी प्रतिबंधों के बाद अब चीन और ईरान एक साथ मिलकर पलटवार करने की तैयारी में दिख रहे हैं।