मौसम: ठिठुरन की ओर बढ़ी दिल्ली, 27 नवंबर के बाद आएगी तापमान में गिरावट

नई दिल्ली। नवम्बर जाने को है पहाड़ों से आने वाली हवा मैदानी इलाकों में अब अच्छी ठंड का अहसास कराना शुरू करा देगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार से नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसका सीधा असर मैदानी इलाकों में दिखेगा। ऐसे में बृहस्पतिवार और शुक्रवार के लिए मध्य से लेकर घने से घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

उधर, सोमवार सुबह सफदरजंग हवाई अड्डे पर हल्का कोहरा छाया रहा। ऐसे में सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक न्यूनतम दृश्यता 900 मीटर दर्ज की गई। दोपहर में मुख्य रूप से धुंध की स्थिति रही। वहीं, पालम हवाई अड्डे पर हल्का कोहरा छाया रहा। यहां दृश्यता 800 मीटर दर्ज की गई।

सोमवार को दिन के समय लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। सुबह-शाम स्मॉग छाया रहा। अधिकतम तापमान में मामूली कमी दर्ज की गई। ऐसे में अधिकतम तापमान एक डिग्री गिरावट के साथ 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसमें बीते 24 घंटे में 0.3 डिग्री सेल्सियस की कमी हुई। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक के साथ 14 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, रात में ठंड में बरकरार है। रिज इलाके की सबसे ठंडी सुबह रही। यहां न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके बाद मौसम में बदलाव संभावित हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को कुछ स्थानों पर सुबह स्मॉग छाए रहने की आशंका है। शाम व रात में भी स्मॉग का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *