दक्षिण अफ्रीका में सोने की खदान में फंसे 100 मजदूरों की दर्दनाक मौत, 500 लोग अब भी फंसे

दक्षिण अफ्रीका में अवैध खनन के दौरान भूख और प्यास की वजह से 100 से अधिक मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 500 से अधिक अभी भी फंसे हुए हैं।

दक्षिण अफ्रीका में सोने की खदान में अवैध रूप से खनन कर रहे करीब 100 मजदूरों की मौत हो गई। इन मौतों का कारण कथित तौर पर भूख और प्यास माना जा रहा है, क्योंकि ये मजदूर महीनों से वहां फंसे थे। यह जानकारी खनिकों का प्रतिनिधित्व करने वाले समूह, माइनिंग अफेक्टेड कम्युनिटीज यूनाइटेड इन एक्शन ग्रुप (MACUA) ने दी।

समूह के प्रवक्ता सबेलो मंगुनी ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि 500 से अधिक खनिक अभी भी खदान में फंसे हुए हैं। मंगुनी ने बताया कि खदान में मौतों का खुलासा तब हुआ जब शुक्रवार को कुछ बचे हुए खनिकों की ओर से भेजा गया एक वीडियो सामने आया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोग भूख-प्यास से तड़प रहे थे, जिनमे से कई लोगों की मौत हो चुकी थी।

मंगुनी के अनुसार, उत्तर पश्चिमी प्रांत की इस खदान में कम से कम 100 खनिकों की मौत हुई है। इन खनिकों की मौत का कारण भूख और पानी की कमी को माना जा रहा है। शुक्रवार (10 जनवरी) से अब तक 18 शवों को खदान से निकाला जा चुका है, और बचाव कार्य जारी है। शुक्रवार को समुदाय द्वारा चलाए गए बचाव अभियान में 9 शव बरामद किए गए थे, जबकि सोमवार (13 जनवरी) को अधिकारियों के अभियान में 9 और शव निकाले गए, साथ ही 26 जीवित लोगों को बचाया गया।

हालांकि, यह खदान इतनी गहरी है कि वहां अभी भी लगभग 500 मजदूर फंसे हो सकते हैं। खदान की गहराई 2.5 किमी बताई जा रही है। पुलिस की ओर से खदान को सील करने के प्रयास के बाद मजदूरों और पुलिस के बीच संघर्ष शुरू हो गया। पुलिस का कहना है कि मजदूर गिरफ्तारी के डर से बाहर नहीं आ रहे थे, जबकि मजदूरों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी रस्सियां हटा दीं, जिससे वे बाहर नहीं निकल सके।