रायपुर। रायपुर में बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन का असर छत्तीसगढ़ में भी दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
बारिश के बीच प्रदेश में हादसे भी सामने आ रहे हैं। दुर्ग में अलग-अलग डूबने की घटनाओं में तीन युवाओं की मौत हो गई, जबकि सारंगढ़-बरमकेला क्षेत्र में लाट नाले में कार बहने के बाद उसमें सवार पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी 44 घंटे बाद भी लापता हैं।
दोनों की तलाश के लिए रेस्क्यू टीम लगातार अभियान चला रही है। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव तेज था, जिसके चलते कार बह गई। प्रशासन और बचाव दल दंपती की तलाश में जुटे हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान रायपुर और बिलासपुर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज की गई। मौसम के बिगड़े हालात को देखते हुए लोगों को नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में अब तक मानसून की बारिश सामान्य से 21% कम दर्ज की गई है। तापमान की बात करें तो पेंड्रारोड में सबसे अधिक 32.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान भी पेंड्रारोड में 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
