HP ने पेश किया अपना नया मोबाइल वर्कस्टेशन; 192GB रैम ,AI प्रोसेसर से लैस

HP ने भारतीय बाजार में अपना नया मोबाइल वर्कस्टेशन HP ZBook Ultra G3a 16-inch पेश किया है। इस डिवाइस को खासतौर पर AI डेवलपमेंट, इंजीनियरिंग, डिजाइनिंग और कंटेंट क्रिएशन जैसे हैवी प्रोफेशनल कामों के लिए तैयार किया गया है। इसमें AMD Ryzen AI Max+ PRO सीरीज का प्रोसेसर, 192GB तक यूनिफाइड मेमोरी और 16 इंच की 2.8K OLED डिस्प्ले दी गई है। कंपनी का दावा है कि यह वर्कस्टेशन बड़े AI मॉडल और AI एजेंट्स को बिना क्लाउड पर निर्भर हुए लोकल स्तर पर चलाने में सक्षम है।

भारत में HP ZBook Ultra G3a 16 की शुरुआती कीमत 2,89,990 रुपये रखी गई है। हालांकि, इस कीमत में टैक्स शामिल नहीं है। ग्राहक इसे HP के कमर्शियल चैनल पार्टनर्स के माध्यम से खरीद सकते हैं।

HP ZBook Ultra G3a 16 के फीचर्स और स्पेसिफिकेशंस
इस मोबाइल वर्कस्टेशन में AMD Ryzen AI Max+ PRO सीरीज के प्रोसेसर दिए गए हैं। इसका टॉप वेरिएंट Ryzen AI Max+ PRO 495 प्रोसेसर के साथ आता है। इसमें 192GB तक यूनिफाइड मेमोरी और 160GB तक डेडिकेटेड VRAM का सपोर्ट मिलता है। इसके अलावा, इसमें 55 TOPS क्षमता वाली NPU भी दी गई है।

HP के मुताबिक, यह सिस्टम 300 अरब पैरामीटर तक के बड़े लैंग्वेज मॉडल (LLM) को लोकल स्तर पर रन कर सकता है। इससे डेवलपर्स और प्रोफेशनल्स को AI एप्लिकेशन बनाने, AI एजेंट्स चलाने और बड़े डेटा से जुड़े जटिल काम करने में मदद मिलेगी। लोकल AI प्रोसेसिंग के कारण ऐसे कामों में क्लाउड सर्विस पर निर्भरता भी कम की जा सकती है।

120Hz रिफ्रेश रेट वाली OLED डिस्प्ले
डिस्प्ले की बात करें तो HP के इस वर्कस्टेशन में 16 इंच की 2.8K OLED स्क्रीन दी गई है। यह 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करती है। कंपनी ने इसे खासतौर पर उन लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया है, जो प्रोफेशनल डिजाइनिंग, वीडियो एडिटिंग और कंटेंट क्रिएशन जैसे काम करते हैं।

डिजाइन के मामले में इसका शुरुआती वजन करीब 1.9 किलोग्राम है, जबकि इसकी मोटाई 17.9mm रखी गई है। इसमें नया थर्मल मैनेजमेंट सिस्टम भी दिया गया है। HP का दावा है कि इस डिजाइन से पुराने मॉडल की तुलना में TDP को 81.8 फीसदी तक बढ़ाया जा सकता है। इससे डेस्क से दूर इस्तेमाल के दौरान भी 100W तक की परफॉर्मेंस मिल सकती है।

बैटरी और कनेक्टिविटी फीचर्स
HP ZBook Ultra G3a 16 में 96Wh की बैटरी दी गई है। कंपनी का दावा है कि यह एक बार चार्ज करने पर 14 घंटे तक चल सकता है। चार्जिंग के लिए इसमें 140W और 180W GaN USB-C AC अडैप्टर का सपोर्ट मिलता है।

कनेक्टिविटी के लिए इसमें 5G का विकल्प भी दिया गया है, जिससे Wi-Fi उपलब्ध नहीं होने पर भी इंटरनेट इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा, डिवाइस में ऐसा कीबोर्ड दिया गया है जिसे IT टीमें जरूरत पड़ने पर आसानी से बदल सकती हैं।

सिक्योरिटी के लिहाज से इसमें HP Wolf Security शामिल किया गया है। कुल मिलाकर, HP का यह नया मोबाइल वर्कस्टेशन उन प्रोफेशनल्स के लिए पेश किया गया है, जिन्हें ऑफिस के साथ-साथ यात्रा या क्लाइंट साइट पर भी हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग की जरूरत पड़ती है।