IPL 2026 Playoffs Schedule:अहमदाबाद में होगा आईपीएल 2026 का फाइनल, BCCI ने जारी किया प्लेऑफ का पूरा शेड्यूल
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के रोमांचक सीजन के प्लेऑफ और खिताबी मुकाबले का इंतजार कर रहे क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी खबर है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बुधवार को प्लेऑफ और फाइनल मैचों के आधिकारिक शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। इस बार आईपीएल 2026 का ग्रैंड फाइनल 31 मई को अहमदाबाद के दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम, नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
तीन अलग-अलग शहरों में होंगे प्लेऑफ मुकाबले बीसीसीआई द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इस बार प्लेऑफ के मैच तीन अलग-अलग वेन्यू पर खेले जाएंगे।
- क्वालिफायर 1 मुकाबला 26 मई को धर्मशाला के खूबसूरत एचपीसीए स्टेडियम में होगा, जहां पॉइंट्स टेबल की टॉप दो टीमें आमने-सामने होंगी। इस मैच की विजेता टीम सीधे फाइनल का टिकट कटाएगी।
- इसके बाद टूर्नामेंट का कारवां न्यू चंडीगढ़ पहुंचेगा। 27 मई को न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच भिड़ंत होगी।
- इसी मैदान पर 29 मई को क्वालिफायर 2 का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें क्वालिफायर 1 में हारने वाली टीम और एलिमिनेटर की विजेता टीम आपस में टकराएंगी।
बेंगलुरु से क्यों छिनी फाइनल की मेजबानी? बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया कि कुछ ऑपरेशनल और लॉजिस्टिक कारणों की वजह से इस बार प्लेऑफ को तीन अलग-अलग जगहों पर आयोजित किया जा रहा है। बोर्ड ने यह भी बताया कि पहले फाइनल मुकाबले की मेजबानी बेंगलुरु को सौंपी गई थी। लेकिन, स्थानीय संघ और प्रशासन की कुछ मांगें और आवश्यकताएं बीसीसीआई के तय दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर जा रही थीं। इसी विवाद और असहमतियों के चलते अंतिम समय में फाइनल को बेंगलुरु से हटाकर अहमदाबाद शिफ्ट करने का बड़ा फैसला लिया गया।
IPL 2026 प्लेऑफ का पूरा शेड्यूल एक नजर में:
फाइनल: 31 मई, अहमदाबाद (नरेंद्र मोदी स्टेडियम)
क्वालिफायर 1: 26 मई, धर्मशाला (एचपीसीए स्टेडियम)
एलिमिनेटर: 27 मई, न्यू चंडीगढ़ (न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम)
क्वालिफायर 2: 29 मई, न्यू चंडीगढ़ (न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम)
