बम्हनीडीह के विकास को मिली नई रफ्तार: मुख्यमंत्री ने पुल, बिजली सब-डिवीजन और मंगल भवन की घोषणा की

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को जांजगीर-चांपा जिले के नवगठित नगर पंचायत बम्हनीडीह के विकास की नई शुरुआत करते हुए तीन बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने दहिदा-बम्हनीडीह के बीच हसदेव नदी पर पुल निर्माण, बिजली विभाग का सब-डिवीजन कार्यालय और सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेश कुमार डडसेना और सभी पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्थानीय स्वशासन लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी है। नगर पंचायतें केवल प्रशासनिक इकाइयां नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना नहीं, बल्कि लोगों का जीवन अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को पक्के घर, किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य, महिलाओं को महतारी वंदन योजना के जरिए आर्थिक सहायता और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम किया है।

उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना तभी साकार होगा, जब बम्हनीडीह जैसे उभरते नगरों का भी सुनियोजित विकास होगा। राज्य सरकार नगरीय क्षेत्रों में बेहतर सड़क, बिजली, नागरिक सुविधाओं और आधारभूत ढांचे के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बम्हनीडीह नगर पंचायत जनभागीदारी और सुशासन का आदर्श मॉडल बनकर उभरेगी।

समारोह में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक किरण सिंह देव सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।