सेवा सेतु बना ग्रामीणों का भरोसेमंद डिजिटल सहारा: एक ही दिन में मिला निवास प्रमाण-पत्र

रायपुर। जिला प्रशासन बीजापुर की डिजिटल पहल ‘सेवा सेतु’ दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए सुशासन का भरोसेमंद माध्यम बनकर उभरी है।

सेवा सेतु केंद्रों के जरिए अब स्थानीय निवास, जाति, आय, जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाण-पत्र जैसी शासकीय सेवाएं ग्रामीणों को समयबद्ध, पारदर्शी और सरल तरीके से मिल रही हैं। इससे लोगों का समय और पैसा बचने के साथ ही सरकारी सेवाओं के प्रति भरोसा भी बढ़ा है।

एक ही दिन में मिला स्थानीय निवास प्रमाण-पत्र

विकासखंड भैरमगढ़ की ग्राम पंचायत तड़केल निवासी वंदना हेमला ने नेलेसनार स्थित सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से स्थानीय निवास प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन किया।

आवेदन प्राप्त होने के बाद उसी दिन उसका निराकरण कर प्रमाण-पत्र जारी कर दिया गया। सेवा सेतु केंद्र के प्रबंधक मुकेश कुमार बघेल ने उन्हें प्रमाण-पत्र सौंपा। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी रही, जिससे उन्हें किसी सरकारी कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़े।

समय और खर्च दोनों की हुई बचत

वंदना हेमला ने बताया कि पहले किसी भी शासकीय प्रमाण-पत्र के लिए कई बार कार्यालय जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों खर्च होते थे। लेकिन सेवा सेतु केंद्र में आवेदन करना बेहद आसान रहा और एक ही दिन में प्रमाण-पत्र मिल गया। इससे उनके जरूरी काम भी समय पर पूरे हो सके।

ग्रामीणों के लिए राहत का माध्यम

वंदना ने कहा कि अब सरकारी सेवाएं गांव के नजदीक ही उपलब्ध हो रही हैं, जिससे अनावश्यक भागदौड़ खत्म हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल, जिला प्रशासन बीजापुर और सेवा सेतु केंद्र का आभार जताते हुए कहा कि यह व्यवस्था ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।

डिजिटल सेवाओं से मजबूत हो रहा सुशासन

जिला प्रशासन के अनुसार, सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से स्थानीय निवास, जाति, आय, जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाण-पत्र सहित कई शासकीय सेवाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं।

यह पहल डिजिटल शासन को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन को मजबूत बनाने की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है।