दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के तीसरे दिन बुधवार को NEET पेपर लीक विवाद और छात्रों पर कथित लाठीचार्ज को लेकर विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया।
हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। विपक्ष ने दोनों सदनों में इस मुद्दे पर तत्काल चर्चा की मांग की।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत पार्टी के कई सांसद विरोध स्वरूप काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे।
राहुल गांधी, जो आमतौर पर सफेद टी-शर्ट में नजर आते हैं, इस बार काले परिधान में दिखाई दिए। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी सहित कई विपक्षी नेताओं ने भी काले कपड़े पहनकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि छात्रों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना लोकतंत्र का मूल अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।
प्रियंका ने कहा कि शिक्षा के लिए 1.4 लाख करोड़ रुपए का बजट है, जबकि सरकार बड़े उद्योगपतियों के लाखों करोड़ रुपए के कर्ज माफ कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करे।
वहीं, केंद्र सरकार ने कहा कि वह इस मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है। सरकार की ओर से विपक्ष से सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील भी की गई। हालांकि विपक्ष अपने रुख पर कायम रहा और लगातार नारेबाजी करता रहा।
इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी।
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए राहुल गांधी को गैर-जिम्मेदार बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दे पर राजनीति कर रही है।
संसद के भीतर और बाहर जारी इस टकराव के बीच NEET विवाद एक बार फिर राष्ट्रीय राजनीति का प्रमुख मुद्दा बन गया है।
