रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के मध्य और उत्तरी हिस्से के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई क्षेत्रों में जोरदार बारिश दर्ज की गई।
लगातार बारिश के कारण सूरजपुर जिले के बिहारपुर क्षेत्र में बरगा नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने से आधा दर्जन से अधिक गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीण जान जोखिम में डालकर उफनती नदी पार कर रहे हैं और कई लोग अपनी बाइक कंधे पर उठाकर दूसरी ओर ले जाने को मजबूर हैं।
कोरबा जिले में मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर बढ़ने के बाद हसदेव नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों के लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की सलाह दी है। वहीं बीजापुर जिले की छिन्नकवाली पंचायत के पांच गांवों में भी बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जिससे लोगों को दैनिक जरूरतों का सामान लेने के लिए उफनती नदी पार करनी पड़ रही है।
बारिश का असर रायगढ़, मुंगेली और अन्य जिलों में भी देखने को मिला। रायगढ़ के कई मोहल्लों में घरों और सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया, जबकि मुंगेली में मनियारी नदी का पुल पानी में डूब गया। गोबरी नदी पर हाल ही में बना पुल भी तेज बहाव में क्षतिग्रस्त हो गया।
मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। हालांकि प्रदेश में अब तक औसत से करीब 22 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से अब तक 348.5 मिमी वर्षा हुई है, जबकि सामान्य वर्षा 444.6 मिमी होनी चाहिए थी। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों के पास जाने से बचने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।ं
