गौरघाट में जिलास्तरीय पशु प्रदर्शनी मेला एवं गौपूजन कार्यक्रम का हुआ आयोजन –

गरियाबंद।

विकासखंड मैनपुर अंतर्गत मुख्यालय के निकटस्थ ग्राम गौरघाट में जिला स्तरीय पशु प्रदर्शिनी मेला एवं गौपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष संजय नेताम शामिल हुए तथा अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति लोकेश्वरी नेताम, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू शामिल हुए। अन्य अतिथियों में ग्राम पंचायत गोपालपुर सरपंच खेलन सिंह दीवान, देहारगुड़ा सरपंच डिगेश्वरी सांडे, जाड़ापदर सरपंच हरचंद ध्रुव, हरदीभाठा सरपंच प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, लोकेश सांडे आदि शामिल हुए। लंबे अरसे बाद आदिवासी ब्लॉक मैनपुर में ब्लॉक के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश नायक के संयोजन में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ जो कि विभाग के उपसंचालक डॉ. ओपी तिवारी के निर्देशन में आयोजित था। इस कार्यक्रम में पशुपालकों के बीच विभिन्न वर्गों में प्रतिस्पर्धा आयोजित की गई, जिनमें दुधारू गाय भैंस, बैल जोड़ी,उन्नत बछिया, स्वस्थ बछड़ा, बैल भैंस, सांड वर्ग, पक्षी वर्ग, बकरा बकरी वर्ग शामिल थे। सभी वर्ग के उन्नत पशुपालकों को अतिथियों द्वारा प्रथम, द्वितीय, तृतीय व अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभाग के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले गौसेवक, कृत्रिम गर्भधान कार्यकर्ताओं, पशु मित्र तथा स्टॉफ को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। पशु मेले में अनेक पशुपालकों ने अपने पशुओं का पंजीयन कराया।

इस अवसर पर मुख्यअतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष संजय नेताम ने पशुपालकों को डेयरी व्यवसाय को अपनाने और अतिरिक्त आय का स्रोत बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने पशुपालकों को सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। एवं ऐसे शिविर व पशु प्रदर्शनी मेला समय समय पर ब्लॉक के दूरस्थ अंचल में भी आयोजित कराने की बात कही जिससे दूर दराज के किसान व पशुपालक साथी इस विभाग की योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने पशुपालकों से भी विभाग के अधिकारी कर्मचारियों के साथ समय समय पर चर्चा कर विभागीय योजनाओं का लाभ लेते रहने का आग्रह किया साथ ही इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए ब्लॉक के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ योगेश नायक की प्रशंसा की।

जिला पंचायत सभापति लोकेश्वरी नेताम ने ग्रामीणों को शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं से जुड़ने और राज्य डेयरी उद्यमिता योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान स्वसहायता समूह की महिलाओं से भी शासन की योजनाओं का लाभ लेने की बात कही।

विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू ने कहा कि आर्थिक रूप से मजबूत होने के लिए हमें पशुपालन की ओर लौटने का आग्रह किया व कहा कि बढ़ते पाश्चात्य संस्कृति के कारण अब किसानों का रुझान पशुपालन की दिशा में कम हो रही है। पशुओं के अच्छे स्वास्थ्य के लिए पशुओं में होने वाले बीमारियों के बारे में नजदीकी पशु अस्पताल में समय पर ले जाकर जांच-उपचार कराने का आग्रह भी की साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी से आह्वान किया व पशुपालन में अपने अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम की शुरुआत छग महतारी एवं भगवान श्रीकृष्ण की पूजा अर्चना के साथ हुई तथा कार्यक्रम के पूर्व अतिथियों का बाजे गाजे से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. शारदा डहरिया, डॉ. भीष्मसाहनी साहू, मैनपुर ब्लॉक के परमेश मंडावी, पुरंदर वर्मा, सोनसाय, उमेश, धरम, नीलांबर, द्रोणाचार्य, रुपधर, विदेशी, साकेत पटेल तथा जिले से डॉ. तामेश कंवर, डॉ. सुरेंद्र चंद्राकर, डॉ. बीपी यादव, डॉ. भूषण साहू, एँबुलेंस टीम से तेजेंद्र दीवान, नोमेश साहू, लोकेश्वर जैन सहित विभाग के अधिकारी कर्मचारियों व आमजनों उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *