CG Congress Meeting:छत्तीसगढ़ में 4 मई को आने वाले चुनावी नतीजों से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। आज राजधानी रायपुर के राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक चल रही है। इस बैठक में शामिल होने और पार्टी की नब्ज टटोलने के लिए कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट खुद रायपुर पहुंचे हुए हैं। एक तरफ जहां कांग्रेस अपनी चुनावी रणनीति और संगठन को मजबूत करने पर मंथन कर रही है, वहीं दूसरी तरफ इस अहम बैठक को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग भी शुरू हो गई है।
रामविचार नेताम का बड़ा बयान: ‘पाला बदलेंगे कांग्रेस विधायक’
प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस की इस बैठक पर तीखा तंज कसा है। उन्होंने एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों के चुनाव परिणाम आने वाले हैं, और इन नतीजों के बाद कांग्रेस पार्टी के कई विधायक पाला बदल सकते हैं। नेताम के मुताबिक, अपने विधायकों को टूटने से बचाने और इसी डर के कारण कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व छत्तीसगढ़ आ रहा है।
पीसीसी चीफ दीपक बैज का पलटवार
कृषि मंत्री के इस बयान के बाद कांग्रेस ने भी आक्रामक रुख अपना लिया है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने रामविचार नेताम के दावों पर पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी के पास ‘मोदी नामक वाशिंग मशीन’ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाकी राज्यों में केंद्रीय एजेंसियां विपक्षी नेताओं को डरा-धमका रही हैं। बैज ने यह भी कहा कि खुद बीजेपी के अंदर कई नेता उपेक्षित महसूस कर रहे हैं और वहां भी सबकुछ ठीक नहीं है।
बैठकों का दौर और कांग्रेस की आगे की रणनीति
राजीव भवन में चल रही इस मैराथन बैठक में सचिन पायलट सबसे पहले विधायकों के साथ वन-टू-वन चर्चा कर रहे हैं और ग्राउंड जीरो का फीडबैक ले रहे हैं। इस अहम बैठक में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत भी मौजूद हैं।
आज की बैठकों का मुख्य एजेंडा:
दोपहर 2 बजे ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के साथ चर्चा कर जमीनी स्तर की रणनीति तय करना।
संगठन के कामकाज की समीक्षा और आगामी कार्ययोजना तैयार करना।
राज्य सरकार के ‘सुशासन तिहार’ के जवाब में सरकार को घेरने के लिए मजबूत रणनीति बनाना।
दोपहर 12 बजे जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ बैठक।
